-->

SR NEWS BIHAR NETWORK

वनवासी कल्याण आश्रम, पटना महानगर का युवा सम्मेलन एवं मिलन कार्यक्रम सम्पन्न

वनवासी कल्याण आश्रम, पटना महानगर का युवा सम्मेलन एवं मिलन कार्यक्रम सम्पन्न

वनवासी कल्याण आश्रम, पटना महानगर द्वारा रविवार को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, सिन्हा लाइब्रेरी रोड, पटना में युवा सम्मेलन एवं मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. एन. के. झा ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. अजय सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, संगठन एवं युवा शक्ति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संजय सिंह ‘टाइगर’, उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग मंत्री, बिहार सरकार तथा डॉ. संजीव चौरसिया, विधायक, दीघा एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए के मुख्य सचेतक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय सिंह ‘टाइगर’ ने अपने संबोधन में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के सशक्त निर्माण में युवाशक्ति की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने के लिए वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यों का अधिक व्यापक स्तर पर विस्तार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा जब समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए आगे आते हैं, तभी सामाजिक परिवर्तन की मजबूत आधारशिला तैयार होती है।
डॉ. संजीव चौरसिया ने विद्यार्थियों की शिक्षा और आवासीय सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विशेष रूप से प्लस टू तथा उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए छात्रावास एवं आवश्यक आवासीय व्यवस्था विकसित किए जाने जैसे प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सुरक्षित और अनुकूल आवासीय वातावरण उपलब्ध होने से आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. डॉ. एन. के. झा ने सेवा, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में संगठन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को समाजहित से जोड़ने के लिए निरंतर संवाद, प्रशिक्षण और सेवा आधारित कार्यक्रमों की आवश्यकता है।
पटना महानगर के अध्यक्ष श्री रविन्द्र प्रियदर्शी एवं नगरीय कार्य प्रमुख श्री प्रदीप कुमार ने संगठन की मजबूती एवं विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम की गतिविधियों को नगर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

प्रांत अधिकारी श्री अरविंद खंडेलवाल ने आगामी तिरंगा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तिरंगा कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

वनवासी कल्याण आश्रम, पटना महानगर के सचिव श्री अमृतेष कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल वन क्षेत्रों तक सीमित न रहकर नगरों एवं आसपास के क्षेत्रों में रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित परिवारों के बच्चों की शिक्षा और समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उनके व्यक्तित्व विकास, मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय स्तर पर ठोस कार्यक्रम विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से भी ऐसे प्रयासों में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पटना महानगर संचालक डॉ. राजीव कुमार सिंह, अधीक्षक, पीएमसीएच; संरक्षक डॉ. ए. के. मानव, ऑर्थोपेडिक सर्जन; प्रांत संगठन मंत्री श्री नीतीश सिंह; नगरीय कार्य प्रमुख श्री प्रदीप कुमार; अध्यक्ष श्री रविन्द्र प्रियदर्शी; प्रांत अधिकारी श्री अरविंद खंडेलवाल; प्रांत सचिव डॉ. राहुल कुमार; महानगर सचिव श्री अमृतेष कुमार गुप्ता; महानगर युवा प्रमुख कुमार चन्द्रशेखर; महिला प्रमुख श्रीमती प्रियम्बदा केशरी केसरी; श्री सुनील वर्मा, श्रीमती शालिनी शेखर सहित सैकड़ों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता, शिक्षा, सेवा, युवा सहभागिता एवं संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ।

0 Response to "वनवासी कल्याण आश्रम, पटना महानगर का युवा सम्मेलन एवं मिलन कार्यक्रम सम्पन्न"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article