पूर्णिया में बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन
रविवार, 1 फ़रवरी 2026
Comment
पूर्णिया में बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन
38 जिलों से 300 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों की सहभागिता
पटना/पूर्णिया।
पूर्णिया स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम (रंगभूमि मैदान) में रविवार को बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन बिहार पैरा स्पोर्ट्स संगठन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बिहार के 38 जिलों से 300 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं जुझारू भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से बिहार पैरा स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार, माननीय विधायक नितेश सिंह .रवि शंकर झा (जिला खेल पदाधिकारी )श्री राजकुमार गुप्ता, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. मधुर कुमार शाह, डॉ. मनीष रंजन शाह . प्रफुल्ल चंद्र राय एवं नरेश चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर किया गया।
इस अवसर पर शिवनाथ जोसफ (रीजनल डायरेक्टर, आईसीपीईएम बिहार), लक्ष्मीकांत, संतोष कुमार सिंहा, लालू तुरहा, जोशी जी, रवि कुमार, कुंदन कुमार पांडे, तुलसी कुमार, प्रहलाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कुंदन कुमार पांडे द्वारा किया गया, जबकि पंजीकरण एवं समन्वय कार्य में संतोष कुमार सिंहा तथा ज्वाइंट सेक्रेटरी लक्ष्मीकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। किलकारी टीम द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। मंच संचालन रविंद्र कुमार शाह ने किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. शिवाजी कुमार ने कहा कि खेल दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिला एवं पंचायत स्तर पर स्टेडियम तथा प्रशिक्षण केंद्रों का विकास कर रही है। पैरा खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, सम्मान एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा आने वाले समय में लाखों दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने पैरा ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि शारीरिक व मानसिक चुनौतियों के बावजूद दिव्यांग खिलाड़ी देश और राज्य का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने पूर्णिया जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसियन अध्यक्ष डॉ मनीष रंजन साह.जिला प्रशासन .खेल विभाग एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना की।
मुख्य अतिथि माननीय विधायक नितेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हर अवसर अपने-आप में सीखने का माध्यम होता है, जिसका उपयोग जीवन में बार-बार होता है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में प्राप्त अनुभव जीवन की कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। जिस प्रकार खिलाड़ी हार-जीत से सीख लेकर अगली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करता है, उसी प्रकार जीवन की चुनौतियों से संघर्ष कर आगे बढ़ना चाहिए, उनसे निराश नहीं होना चाहिए।
उन्होंने खिलाड़ियों को सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि मुस्कान और सकारात्मक ऊर्जा से व्यक्ति स्वस्थ रहता है। मन स्वस्थ होगा तो जीवन की जटिलताएँ भी एक खेल की तरह सरल प्रतीत होंगी। दिव्यांग खिलाड़ियों के जज्बे की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं इन खिलाड़ियों से अत्यंत प्रेरित हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी खिलाड़ी को सहयोग की आवश्यकता होगी, तो वे सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
0 Response to "पूर्णिया में बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन"
एक टिप्पणी भेजें