मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब हो रहे तैयार
शुक्रवार, 16 जनवरी 2026
Comment
सरस्वती पूजा के अवसर पर पटना शहर को स्वच्छ रखने एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। पूजा के दौरान मूर्ति एवं पूजन सामग्री के विसर्जन को लेकर विशेष रूप से कृत्रिम तालाब बनाये जा रहे हैं। निर्धारित स्थलों के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर विसर्जन किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
*गंगा नदी सहित अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए पटना नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। मूर्ति एवं पूजन सामग्री के सुरक्षित विसर्जन हेतु विभिन्न घाटों पर कुल 7 कृत्रिम तालाबों का निर्माण किया जा रहा है* ताकि पूजा उपरांत विसर्जन पर्यावरण के अनुकूल तरीके से किया जा सके।
*सरस्वती पूजा के अवसर पर अभियान को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए पटना नगर निगम की विशेष जागरूकता टीमें भी घाटों पर तैनात रहेंगी।* ये टीमें श्रद्धालुओं एवं पूजा समितियों को प्लास्टिक रैपर, पॉलीथिन तथा अन्य अजैविक (नॉन-बायोडिग्रेडेबल) सामग्री के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित करेंगी।
*नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सरस्वती पूजा का आयोजन पर्यावरणीय दायित्व के साथ सुनिश्चित किया जाए। कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जलस्रोतों की स्वच्छता बनी रहे।*
*अंचलवार कृत्रिम तालाब की सूची।*
पाटलिपुत्र अंचल -पाटीपुल घाट एवं मीनार घाट
अजीमाबाद अंचल - भद्र घाट एवं मितन घाट
बांकीपुर - लॉ कॉलेज घाट
पटना सिटी - कंगन घाट एवं दमराही घाट
पटना नगर निगम आमजन एवं पूजा समितियों से अपील करता है कि वे सरस्वती पूजा के दौरान मूर्ति एवं पूजन सामग्री का विसर्जन केवल निर्धारित कृत्रिम तालाबों में ही करें ।
0 Response to "मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब हो रहे तैयार"
एक टिप्पणी भेजें