गोपाष्टमी पर्व पर श्री गोपीकृष्ण गौआश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
बुधवार, 29 अक्टूबर 2025
 Comment 
पटना के श्री गोपीकृष्ण गौआश्रम जहां बूढ़ी, बीमार एवं दूध नही देने वाली गाय रहती है,
में आज गोपाष्टमी पर्व बड़े ही भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौमाता की पूजा-अर्चना करने के लिए गौआश्रम पहुंचे। पूजा-अर्चना, गौसेवा और भजन-कीर्तन के बीच पूरे परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
गौआश्रम के संचालक श्री गोपाल मोदी ने बताया कि “गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गौसेवा आरंभ करने की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन गायों के प्रति कृतज्ञता और सेवा का प्रतीक है।” उन्होंने आगे कहा कि गौसेवा से मन को शांति और जीवन में समृद्धि प्राप्त होती है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गौमाता को पुष्प, गुड़, हरा चारा और रोटी अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मौके पर गौआश्रम में विशेष सजावट की गई थी और गौमाता का पारंपरिक श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*शहरी जीवन में गोपीकृष्ण गौआश्रम ने लौटाई परंपरा, घर-घर से गाय को जा रही पहली रोटी*
पहले  घर में जब पहली रोटी तवे से उतरती थी तो वह सीधे गौमाता के आगे रख दी जाती थी लेकिन शहरी जीवन की भागदौड़ में लोग इस सेवा से दूर हो गए हैं। अब फतुहा के श्रीरामपुर नरमा स्थित श्री गोपीकृष्ण गौआश्रम ने इस परंपरा को नया जीवन दिया है। गौआश्रम ने गायों के लिए रोटी बैंक की शुरुआत की है। इस कार्य के लिए एक रोटी वैन बनवाई गई है।  रोटी वैन रोज सुबह राजधानी के अपार्टमेंटों में जा रही है। अपार्टमेंटों में रहने वाले अपने रसोई की पहली रोटी उस अपार्टमेंट में गौआश्रम की ओर से रखी गई स्टील के ड्रम में डालते हैं जिसे उसी दिन  घर-घर से आश्रम के कर्मचारी  इकट्ठा करते हैं और गौआश्रम में रहने वाले वृद्ध, बीमार  दूध नहीं देने वाली गायों, जिनका कोई सहारा नहीं है, उन्हें यह रोटी खिलाई जाती है। गोआश्रम में गायों के लिए गर्मी के दिनों में कूलर एवं ठंड में  हीटर चलाये जाते हैं। प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में भजन और संगीत सुनाए जाते हैं।  पशु चिकित्सक की व्यवस्था है। साथ ही गोबर व गौमूत्र से जैविक खाद, उपले और पंचगव्य उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को रोजगार में मदद मिल रही है।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक गौआरती और प्रसाद वितरण किया गया।
0 Response to "गोपाष्टमी पर्व पर श्री गोपीकृष्ण गौआश्रम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब"
एक टिप्पणी भेजें