_जिला स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक_ _संपन्न
रविवार, 25 जनवरी 2026
Comment
जिला स्कूल, पूर्णिया परिसर में आज जिला स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता का सफल, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित आयोजन संपन्न हुआ। उक्त प्रतियोगिता का आयोजन बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन एवं उत्कृष्ट खेल भावना के साथ सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर पूर्णिया सदर विधानसभा क्षेत्र (संख्या–62) के माननीय विधायक श्री विजय कुमार खेमका (भा.ज.पा.), श्री रवि शंकर झा, जिला खेल पदाधिकारी, पूर्णिया तथा श्री राजकुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (एडीएम), पूर्णिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य आतिथ्य डॉ. शिवाजी कुमार, प्रदेश अध्यक्ष, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन-सह-पूर्व राज्य आयुक्त (नि:शक्तता), बिहार सरकार द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता का सफल संचालन एवं समन्वय डॉ. मनीष रंजन साहा, जिला अध्यक्ष, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, पूर्णिया के कुशल नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए चयन प्रक्रिया पूर्ण की गई। चयनित खिलाड़ी आगामी 01 एवं 02 फरवरी 2026 को इंदिरा गांधी स्टेडियम, रंगभूमि मैदान, पूर्णिया में आयोजित होने वाली बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2026 में प्रतिभाग करेंगे। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के क्रम में डॉ. शिवाजी कुमार द्वारा इंदिरा गांधी स्टेडियम, रंगभूमि मैदान का निरीक्षण भी किया गया तथा प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने माननीय विधायक एवं जिला खेल पदाधिकारी को सुझाव देते हुए कहा कि 01 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए।
विशेष रूप से—
खिलाड़ियों के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय व्यवस्था,
शुद्ध पेयजल की निर्बाध उपलब्धता,
बिहार के विभिन्न जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए उचित, सुरक्षित एवं सम्मानजनक ठहराव (आवास) की व्यवस्था,
खेल मैदान एवं उसके आसपास की समस्त सुविधाओं को दिव्यांग-अनुकूल बनाए जाने,
जैसे महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में लालू तुरहा, राज्य मीडिया प्रभारी, पी०डब्ल्यू०डी० संघ (बिहार), सरवन कुमार, जिला उपाध्यक्ष, पी०डब्ल्यू०डी० संघ, अररिया, राजमणि कुमारी, महिला प्रकोष्ठ कोषांग प्रभारी, पी०डब्ल्यू०डी० संघ, अररिया, श्री प्रफुल्ल चंद्र राय (उर्फ पी.सी. रॉय), जिला पैरा स्पोर्ट्स प्रभारी, पूर्णिया, अररिया, कटिहार एवं किशनगंज, श्रीमती भारती साहा, शिक्षिका (विशेष सहयोग) सहित खेल प्रेमी, पदाधिकारीगण, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजकों द्वारा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के समन्वित सहयोग से बिहार स्टेट पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप–2026 का आयोजन अत्यंत सफल होगा तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आगे बढ़ने एवं राष्ट्रीय पटल पर पहचान बनाने का सशक्त मंच प्राप्त होगा।
0 Response to "_जिला स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता सफलतापूर्वक_ _संपन्न"
एक टिप्पणी भेजें